छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में 16 अक्टूबर को मौसम में बदलाव की संभावना है. मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और बीजापुर में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है. इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम ज्यादातर शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि, अगले दो दिनों के दौरान राज्य में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
रायपुर में 34 डिग्री तक तापमान
रायपुर में 16 अक्टूबर को मौसम सामान्यतः साफ रह सकता है. दोपहर या शाम के समय बादल छाने की संभावना है. शहर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इससे एक दिन पहले रायपुर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था. न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा था.
गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.2 डिग्री दर्ज हुआ. माना एयरपोर्ट में तापमान 32 और 22.8 डिग्री, बिलासपुर में 32 और 23.1 डिग्री तथा अंबिकापुर में 32 और 18.8 डिग्री रहा.
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिणी तटीय तमिलनाडु से ओडिशा तट के पास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है. एक अन्य ट्रफ उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से पूर्वी मध्य अरब सागर तक पूर्वी मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से होकर गुजर रही है. इन प्रणालियों के प्रभाव से कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.
