छत्तीसगढ़ में बारिश और कोहरे के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है. रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहा. कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को दिन के शुरुआती घंटों में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा.
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस से अधिक गिरावट आ सकती है, जिससे नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड बढ़ने का अनुमान है.
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. बिलासपुर संभाग के कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बिलासपुर के भैसमा में सबसे अधिक 9 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. दरपाली में 8 सेंटीमीटर, जबकि बिलासपुर, करतला और कोरबा में 7-7 सेंटीमीटर बारिश हुई. दरी और पचपेड़ी में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.
रायपुर में कोहरा और बादल
रायपुर में 21 नवंबर को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शहर में सुबह और रात के समय घना कोहरा रहा. रविवार सुबह भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली. मौसम विभाग ने रायपुर में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है.
मौसम विभाग के मुताबिक 21 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला था. इसी मौसमी प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी हैं. बारिश का दौर कम होने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ सकती है.
