छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर हो रहा है. इसके असर से अगले 24 घंटे में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
राजधानी रायपुर में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा. इससे पहले शनिवार, 21 नवंबर को शहर में दिनभर बादल छाए रहे. बादलों के कारण रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम होकर 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक था.
कई शहरों में तापमान का हाल
रिपोर्ट के अनुसार, पेंड्रा रोड प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रायपुर में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री, बिलासपुर में 19.6 डिग्री, अंबिकापुर में 19 डिग्री, दुर्ग में 18.4 डिग्री और राजनांदगांव में 18 डिग्री सेल्सियस रहा.
बिलासपुर संभाग के एक-दो क्षेत्रों में भारी बारिश भी दर्ज की गई. इनमें भैसमा में सबसे अधिक 90 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है. हालांकि अगले तीन दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का अनुमान है. आसमान साफ होने के बाद ठंड का असर बढ़ सकता है.
