छत्तीसगढ़ में ठंड की शुरुआत के बीच अक्टूबर के अंतिम दिनों में बारिश का एक और दौर शुरू होने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र 25 अक्टूबर तक गहरे अवदाब और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है.
पूर्वानुमान के मुताबिक, यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 28 अक्टूबर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंच सकता है. इसका सबसे अधिक प्रभाव आंध्र प्रदेश और ओडिशा में रहने की संभावना है, जबकि इसका असर छत्तीसगढ़ समेत मध्य और पूर्वी भारत के अन्य हिस्सों में भी दिखाई दे सकता है.
27 अक्टूबर से बारिश बढ़ने का अनुमान
छत्तीसगढ़ में 27 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 28 से 30 अक्टूबर के बीच राज्य के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. रायपुर समेत मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना बताई गई है.
मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई है. इस स्थिति में किसानों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी.
फिलहाल मौसम शुष्क
पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहा और कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं हुई. बेमेतरा में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
25 अक्टूबर को रायपुर समेत अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है. राजधानी में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और रात का तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
