छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इसके बाद 27 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं.

24 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया.

राजधानी रायपुर में 25 अक्टूबर को आकाश साफ रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

बंगाल की खाड़ी में सिस्टम का असर

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम 25 अक्टूबर को अवदाब में बदल सकता है. इसके 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है. विभाग ने सिस्टम के आगे और मजबूत होने का भी अनुमान बताया है.

यह सिस्टम 28 अक्टूबर की सुबह के आसपास आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंच सकता है. इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश तथा यनम तट को पार करने की संभावना है. इस दौरान हवा की अधिकतम गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इसी चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश बढ़ने का अनुमान है.