रायपुर. छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां धीमी पड़ने के बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. गुरुवार को राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले दिन की तुलना में 1 डिग्री अधिक रहा. गर्मी के कारण लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा.

मौसम विभाग के अनुसार, 18 सितंबर को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान

शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है. अगले दो दिनों तक मौसम का यही मिजाज बने रहने के आसार हैं.

मौसम विभाग ने 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना बताई है. इस दौरान बादल गरजने और बिजली चमकने की घटनाएं बढ़ सकती हैं. पिछले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई. प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 5 प्रतिशत कम रही.

बिलासपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा. पेंड्रा रोड, सल्हेवारा और चांपा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.

मौसम विभाग के मुताबिक, 19 सितंबर के आसपास उत्तरी अंडमान सागर में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके धीरे-धीरे मजबूत होकर दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ने का अनुमान है. इसके प्रभाव से संबंधित क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.