छत्तीसगढ़ में 23 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. बंगाल की खाड़ी में बनने वाले मौसमी सिस्टम के प्रभाव से बिलासपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं. कुछ इलाकों में अंधड़ और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है.
शनिवार को बिलासपुर में मौसम मिला-जुला रहा. तिफरा क्षेत्र में हल्की वर्षा हुई, जबकि शहर के कुछ अन्य हिस्सों में बूंदाबांदी दर्ज की गई. कोटा क्षेत्र और आसपास की कुछ तहसीलों में भी बारिश हुई. बादल छाए रहने के बावजूद तापमान में बड़ी गिरावट नहीं आई और दिन का पारा 34 डिग्री तक पहुंचा. रात का तापमान 25.3 डिग्री दर्ज किया गया.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम
मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर अंडमान सागर और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है. यह करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इसके प्रभाव से निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 21 सितंबर को पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में अवदाब के रूप में पहुंचने के संकेत हैं. 22 सितंबर तक इसके गहरे अवदाब में बदलने की संभावना जताई गई है.
पूर्वानुमान के मुताबिक यह सिस्टम 23 सितंबर के आसपास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी, उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, दक्षिणी तटीय ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के पास पहुंच सकता है. इसके बाद छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं.
20 से 26 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम
20 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. 21 सितंबर को बादल छाए रह सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है. 22 सितंबर से स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं.
23 सितंबर को वर्षा गतिविधि बढ़ सकती है और कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है. 24 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश, जबकि 25 सितंबर को कुछ क्षेत्रों में तेज बौछारें पड़ने की संभावना है. 26 सितंबर को भी मौसम सक्रिय रहने और कहीं-कहीं बारिश व गरज-चमक के आसार हैं.
वज्रपात की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य ऊंची संरचनाओं से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है.
