छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर से प्रदेश में बारिश के वितरण और तीव्रता में बढ़ोतरी होने की संभावना है. इस दौरान मेघगर्जन की गतिविधियां भी बढ़ सकती हैं.

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा. एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई. विभाग के मुताबिक, राज्य में मौसमी बारिश सामान्य रही है, लेकिन अब तक बारिश में करीब 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है.

अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान

अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना भी जताई गई है. अगले दो दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा.

मौसम विभाग ने 19 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना बताई है. ऐसे में गरज-चमक और वज्रपात वाले क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

तापमान और रायपुर का मौसम

पिछले 24 घंटों में दुर्ग में प्रदेश का अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

17 सितंबर को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.