छत्तीसगढ़ में 21 सितंबर से मौसम में बदलाव आने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है.
मौसम में बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र बताया गया है. यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके 21 सितंबर को डिप्रेशन और 22 सितंबर को डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है. 23 सितंबर की सुबह तक इसके उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तटों के पास पहुंचने का अनुमान है.
रायपुर में बादल और बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई. बिलासपुर में प्रदेश का सबसे अधिक 33.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
बारिश के आंकड़ों में छिंदगढ़ में 7 मिलीमीटर, तोंगपाल और छोटेडोंगर में 6-6 मिलीमीटर तथा नांगर और सुकमा में 5-5 मिलीमीटर वर्षा शामिल है. जगदलपुर, मालखरौदा, ओरछा, पेंड्रा रोड और कुसमी में 4-4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
