छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार, 6 अक्टूबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.

रायपुर में मौसम साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. हालांकि, प्रदेश के अन्य हिस्सों में स्थानीय स्तर पर बारिश और आकाशीय बिजली का खतरा बना रहेगा.

सोमवार को राजनांदगांव सबसे गर्म

सोमवार को बारिश थमने के बाद कई जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. राजनांदगांव प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रायपुर में 34.4 डिग्री, पेंड्रा रोड में 33.8 डिग्री, बिलासपुर में 33.6 डिग्री और दुर्ग में 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.

रात के तापमान में अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा. वहां न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री और दुर्ग में 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है. अगले दो-तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं. इसके बाद बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है.