रायपुर. छत्तीसगढ़ में रविवार को भी बारिश से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. बस्तर के ऊपर बने मौसम सिस्टम और सक्रिय मानसून द्रोणिका को इसके पीछे मुख्य वजह बताया गया है.
शनिवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई. कुछ स्थानों पर सुबह थोड़ी देर के लिए आसमान साफ रहा, लेकिन बाद में घने बादल छा गए. कई क्षेत्रों में रिमझिम से लेकर तेज बारिश दर्ज की गई.
सोमवार के बाद बारिश घटने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार मौजूदा मानसूनी सिस्टम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. इसके चलते सोमवार के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है. हालांकि मानसून द्रोणिका सामान्य स्थिति में होने के कारण बारिश पूरी तरह थमने की संभावना फिलहाल नहीं है.
सितंबर के शुरुआती 12 दिनों में छत्तीसगढ़ में दो मौसम सिस्टम बन चुके हैं. इनके प्रभाव से राज्य में करीब 84 मिलीमीटर और रायपुर जिले में 97.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. मौजूदा सिस्टम का सबसे अधिक असर बस्तर क्षेत्र में बताया गया है, जबकि रायपुर और दुर्ग संभाग भी प्रभावित हुए हैं.
कोंडागांव के धनोरा में 140 मिलीमीटर बारिश
पिछले 24 घंटे में कोंडागांव के धनोरा में 140 मिलीमीटर और बस्तर में 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. माकड़ी, भानपुरी, अंबागढ़ चौकी और छुरा में 80-80 मिलीमीटर बारिश हुई. फरसगांव, मोहला, बालोद, चारामा, बस्तानार और गादीरास समेत कई इलाकों में करीब 70-70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
रायपुर में शनिवार शाम साढ़े पांच बजे तक करीब 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सितंबर के बाकी दिनों में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर हो सकती हैं.
