छत्तीसगढ़ में बुधवार, 4 नवंबर को मौसम के बदले रहने का अनुमान है. प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

दक्षिण छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है. मौसम सामान्यतः मेघमय रह सकता है और दिन में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव के संकेत भी दिए गए हैं.

रायपुर में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में 4 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी और भारी वर्षा भी दर्ज की गई. रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम संबंधी विवरण के अनुसार, माना एयरपोर्ट रायपुर में तापमान 31.0 और 22.8 डिग्री, बिलासपुर में 29.8 और 22.6 डिग्री तथा अंबिकापुर में 24.6 और 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा. जगदलपुर में 26.4 और 21.6 डिग्री, जबकि दुर्ग में 28.2 और 20.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.