कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव आया है. प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हैं और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट आई है. रायपुर और बिलासपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहा.

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. अगले दो दिनों तक रात के तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद 24 नवंबर से आसमान साफ होने पर न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे प्रदेशभर में ठंड और ठिठुरन बढ़ने का अनुमान है.

कई इलाकों में अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों में बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई हिस्सों में बारिश हुई. कोरबा जिले के भैसमा में सबसे अधिक 90 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. बरपाली में 80 मिलीमीटर, जबकि बिलासपुर, करतला और कोरबा शहर में 70-70 मिलीमीटर बारिश हुई. दर्री और पचपेड़ी में 60-60 मिलीमीटर पानी गिरा. मस्तूरी, नया बाराद्वार, घरघोड़ा, कटघोरा और तखतपुर समेत कई जगहों पर 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

रायपुर शहर में शनिवार सुबह 8:30 बजे तक 14.9 मिलीमीटर और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में 16 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई.

पेंड्रारोड सबसे ठंडा, जगदलपुर में घना कोहरा

पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ और यह प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा. रायपुर में अधिकतम तापमान 24.2 और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा. बिलासपुर में अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री, अंबिकापुर में अधिकतम 23.5 और न्यूनतम 19 डिग्री दर्ज किया गया. दुर्ग में न्यूनतम तापमान 18.4 और राजनांदगांव में 18 डिग्री सेल्सियस रहा.

जगदलपुर में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा. दृश्यता कम होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा. वहां अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.