छत्तीसगढ़ में कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बने सिस्टम के असर से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर अगले 24 घंटे हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इससे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है.
रविवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था. न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है. शहर में दिनभर बादल छाए रहे. 23 नवंबर को रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 29 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री रहने का अनुमान है.
प्रदेश में दुलदुला और पत्थलगांव में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. बागबहरा, वाड्रफनगर, भैयाथान, जशपुरनगर और रामानुजगंज में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई.
जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री दर्ज किया गया. बिलासपुर में तापमान 26.5 और 20.9 डिग्री, पेंड्रारोड में 26.2 और 17.6 डिग्री, अंबिकापुर में 27.1 और 19.2 डिग्री तथा दुर्ग में 28.6 और 16.4 डिग्री रहा. मौसम विभाग ने फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की है.
