रायपुर. छत्तीसगढ़ में 19 सितंबर से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है. अगले दो दिनों तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.

मौसम में यह बदलाव 19 सितंबर की शाम के आसपास उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर संभावित कम दबाव का क्षेत्र बनने से जुड़ा बताया गया है. इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

पिछले 24 घंटे में कहां हुई बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. पथरिया में 4 सेंटीमीटर, सूरजपुर और बम्हनीडीह में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई. उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहरा और करतला में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई.

इस अवधि में प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 6 प्रतिशत कम रही. शुक्रवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा.

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में 19 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. शुक्रवार को उमस भरी गर्मी के बाद शाम को रायपुर में बारिश हुई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली.

गरज-चमक के दौरान मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.