छत्तीसगढ़ में 28 अक्टूबर से जारी बारिश का दौर अब कमजोर पड़ने के संकेत हैं. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद बारिश के बीच कम हुआ गर्मी का असर फिर लौटने की संभावना है.

शुक्रवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई. उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश का प्रभाव सबसे ज्यादा रहा. पिछले 48 घंटों में कुसमी में 28 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई. चांदो और सामरी में 14-14 सेंटीमीटर, कुनकुरी में 12 सेंटीमीटर, जबकि तमनार और रामानुजगंज में 9-9 सेंटीमीटर बारिश हुई. रायगढ़, कांसाबेल, सन्ना और बगभा में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई.

बारिश के कारण किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम के साथ प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. जगदलपुर में 30.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.

रायपुर में बादल और गरज-चमक की संभावना

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज भी बारिश हो सकती है. एक-दो स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. अगले दो दिनों तक मौसम में इसी तरह बदलाव बने रहने का अनुमान है.