छत्तीसगढ़ में 22 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण 19 सितंबर की शाम तक कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है.

पूर्वानुमान के मुताबिक, यह मौसम प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगी. इसके 21 सितंबर को बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य हिस्से में अवदाब और 22 सितंबर को पश्चिमी-मध्य हिस्से में गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है. 23 सितंबर की सुबह तक इसके दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों तक पहुंचने का अनुमान है. इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में तेज बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है.

पिछले 24 घंटों में मानपुर में सबसे अधिक 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. नारायणपुर में 40 मिलीमीटर और रायपुर शहर में 30 मिलीमीटर वर्षा हुई. राजनांदगांव, माना एयरपोर्ट और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

20 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. एक-दो स्थानों पर वज्रपात की चेतावनी है. रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो बार गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.