छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
सोमवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा. मंगलवार से अगले तीन दिनों तक भी मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि, एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई. विभाग के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है.
पेंड्रा में घना कोहरा, दृश्यता कम
पेंड्रा क्षेत्र में मौसम साफ होने के साथ ठंड बढ़ी और सुबह घना कोहरा छाया रहा. यहां तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम रही, इसलिए वाहन चालकों को फॉग लाइट का इस्तेमाल करना पड़ा.
रायपुर में तापमान सामान्य से अधिक
रायपुर में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक बताया गया. बिलासपुर में रात का तापमान 20 डिग्री दर्ज हुआ.
23 नवंबर को प्रदेश के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान 16.6 से 20.5 डिग्री के बीच रहा. गरियाबंद में सबसे अधिक 20.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. रायपुर में 20.4, बालोद और बलरामपुर में 20.1, कोरबा में 19.8, राजनांदगांव और सूरजपुर में 19.5 तथा दुर्ग में 18.2 डिग्री तापमान रहा.
जगदलपुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री और अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री दर्ज किया गया. रायपुर में 24 नवंबर को आंशिक बादल छाए रहने तथा अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवाती सिस्टम का असर कमजोर पड़ने के बाद बारिश लगभग थम गई है. बादल छंटने से दिन का तापमान फिर बढ़ने लगा है, जबकि वातावरण में नमी के कारण कुछ इलाकों में कोहरा बना हुआ है.
