छत्तीसगढ़ में बारिश और बादलों का दौर कमजोर पड़ने के बाद अब रात के तापमान में गिरावट की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद प्रदेश में पारा 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इससे रात में ठंड बढ़ेगी और सुबह के समय धुंध रह सकती है.

पिछले एक महीने में लगातार तीन तूफानों के प्रभाव से समुद्र से नमी पहुंचती रही. इसके चलते कई इलाकों में बारिश और बादल बने रहे. बादलों ने धरती की सतह से गर्मी के बाहर निकलने की प्रक्रिया को धीमा किया, इसलिए रात का तापमान अपेक्षाकृत ऊंचा रहा. अब उत्तर-पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ने और आसमान साफ होने पर रात में ठंड बढ़ने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना भी जताई है. उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है.

दर्ज तापमान और बारिश

रविवार को जगदलपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री दर्ज किया गया. रायपुर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है. न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक था. माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम 18 डिग्री दर्ज हुआ.

दलदली और पत्थलगांव में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई. बागबहरा, वाड्रफनगर, भैयाथान, जशपुरनगर और रामानुजगंज में 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. रायपुर में आज आंशिक बादल रहने तथा अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 20 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.