छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इस दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.
राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है. शहर में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं. रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इससे पहले शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था. न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक था.
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई. जशपुर जिले के मनोरा में सबसे ज्यादा 70 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. कुनकुरी और बलरामपुर जिले के कुसमी में 50-50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज हुआ. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र 31 अक्टूबर को अवदाब में बदल गया. इसके अगले 12 घंटों में गहरे अवदाब और फिर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है.
