बंगाल की खाड़ी से सक्रिय चक्रवाती सिस्टम कमजोर पड़ने के बाद छत्तीसगढ़ में बारिश थम गई है. प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. बादल छंटने के बाद कई इलाकों में दिन का तापमान बढ़ा है, जबकि रात के तापमान में गिरावट के संकेत हैं.

रायपुर में रविवार रात से सोमवार सुबह तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम हुई. इसके बाद दिन में तेज धूप खिली. राजधानी में रात का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. रायपुर के लालपुर में अधिकतम तापमान 29.7 और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा. माना में अधिकतम 30 और न्यूनतम 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.

उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान अगले दिनों में 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है. इसके विपरीत मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

दर्ज तापमान में जगदलपुर का अधिकतम 31.6 डिग्री, बिलासपुर का 28.6, दुर्ग का 28.6 और राजनांदगांव का न्यूनतम 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा. अंबिकापुर में अधिकतम 26.1 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.