छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. इसके बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन बाद एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने का अनुमान है.

पिछले 24 घंटे में प्रदेश का मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा. राजधानी रायपुर में 10 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा. 11 अक्टूबर को रायपुर में आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है.

प्रमुख शहरों में तापमान

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रायपुर में 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. राजनांदगांव में 35.5 डिग्री, जांजगीर-चांपा में 34.8 डिग्री और रायगढ़ में 34.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी जारी है. अगले दो से तीन दिनों में पूर्वी भारत, उत्तरी प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर भारत के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.