छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के बाद मौसम में बदलाव के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार 24 नवंबर से प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है. न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा.

सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि, किसी भी इलाके के लिए बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. अगले दो दिनों तक कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने के संकेत हैं, लेकिन इसके बाद इनके धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है.

मौसम में बदलाव की वजह

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र 22 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे तक सक्रिय था. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में बादल और बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं.

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को बादल छाए रहने की संभावना है. रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

पिछले 24 घंटों में दुलदुला और पत्थलगांव में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. बागभरा, वाड्रफनगर, भैयाथान, जशपुरनगर और रामानुजगंज में 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई.

इस अवधि में जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दुर्ग में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री, जबकि रायपुर और अंबिकापुर में 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा.