छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. दिन में हल्की गर्मी, जबकि सुबह और शाम ठंड महसूस की जा रही है. प्रदेश में शुक्रवार की रात अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है. रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा. अधिकतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम दर्ज किया गया. दिन में आसमान साफ रहा.
शनिवार को रायपुर में भी मौसम साफ रहने का अनुमान है. शहर का अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
इन शहरों में भी गिरा रात का तापमान
पेंड्रारोड और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. माना एयरपोर्ट में 15.5 डिग्री, जगदलपुर में 15.7 डिग्री और बिलासपुर में 16.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ.
रायपुर में गर्म कपड़ों की मांग बढ़ी
ठंड बढ़ने के साथ रायपुर में गर्म कपड़ों का बाजार सजने लगा है. दुकानों पर स्वेटर, जैकेट, शॉल और बच्चों के ऊनी कपड़े उपलब्ध हैं. सुबह और देर शाम ठंड अधिक महसूस होने से लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं. शहर के बाहरी इलाकों में रात के समय मुख्य शहर की तुलना में ठंड का असर ज्यादा बताया गया है.
