रायपुर. बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र आगे बढ़ रहा है और 14 नवंबर को इसके स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम 15 नवंबर की सुबह के आसपास अवदाब और 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है.

फिलहाल छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना हुआ है. राज्य के लिए बारिश या अन्य किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है. अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना भी नहीं जताई गई है. हालांकि, सिस्टम के चक्रवाती तूफान में बदलने के बाद उत्तर दिशा में बढ़ने पर छत्तीसगढ़ के मौसम पर असर पड़ सकता है.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम

शुक्रवार को प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

शहरों के अनुमानित तापमान में रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 16 डिग्री रहने की संभावना है. राजनांदगांव में 30 और 17 डिग्री, पेंड्रा रोड में 28 और 14 डिग्री, अंबिकापुर में 27 और 11 डिग्री, सूरजपुर में 28 और 12 डिग्री तथा जगदलपुर में 29 और 14 डिग्री तापमान दर्ज हो सकता है.

प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होने वाली है. ऐसे में खरीदी केंद्रों और किसानों को मौसम में संभावित बदलाव को ध्यान में रखते हुए तैयार रहने की जरूरत होगी.