छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बाद मौसम मुख्यतः शुष्क बना हुआ है. तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है.
कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई गई है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने बताया कि दो दिन बाद भी इसी तरह की मौसमी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है.
मानसून की वापसी की स्थिति
मौसम संबंधी सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय है. दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजपुर, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई समेत कई स्थानों से होकर गुजर रही है. अगले दो दिनों में पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं.
पिछले 24 घंटे का तापमान
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर मौसम शुष्क रहा, जबकि एक-दो जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई. राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा. अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
रविवार को दुर्ग में 33.4, जगदलपुर में 33.2, माना में 32.9, बिलासपुर में 32.4, पेंड्रारोड में 31.4 और अंबिकापुर में 31 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
रायपुर का मौसम
रायपुर में सोमवार को आकाश मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
