रायपुर. छत्तीसगढ़ में बारिश थमने के बाद दिन में तेज धूप निकल रही है. इससे कई हिस्सों में गर्मी जैसे हालात बन गए हैं. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहा और किसी भी स्थान पर उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई.

राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. राजधानी रायपुर में तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा. इसके अलावा पेंड्रारोड में 33.8, बिलासपुर और माना एयरपोर्ट में 33.6, दुर्ग में 33.5, जगदलपुर में 33.3 और अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. अधिकांश जिलों में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा.

रायपुर में दिन-रात गर्मी का असर

राजधानी में बारिश रुकने के बाद तापमान लगातार बढ़ रहा है. दिन के साथ रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है. मंगलवार को रायपुर में आकाश साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए अगले दो-तीन दिनों में परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है. मानसून वापसी की रेखा सुपौल, रांची, रायपुर, ब्रह्मपुरी, परभणी, बारामती और हरनाई से होकर गुजर रही है.

छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा के ऊपर बनी द्रोणिका के प्रभाव से कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है. दो दिन बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.