छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में आने वाली हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है. इसका असर न्यूनतम तापमान पर पड़ सकता है और तापमान में गिरावट का दौर फिलहाल धीमा रहने के आसार हैं.

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, कुछ स्थानों पर रात के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. ऐसे में ठंड बढ़ने की रफ्तार पहले की तुलना में धीमी रह सकती है.

अंबिकापुर में 11.5 डिग्री तापमान

पिछले 24 घंटे के दौरान अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दिवाली से पहले से ही प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी. इसके कारण रात और सुबह के समय ठंड का एहसास बढ़ गया था.

मौसम में ठंड बढ़ने की प्रमुख वजह उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं रही हैं. इन हवाओं के प्रभाव से राज्य के न्यूनतम तापमान में कमी आ रही थी. अब पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवा की दिशा बदलने पर रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है.