छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में अगले चार दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है. मौसम विभाग ने बालोद, धमतरी और गरियाबंद समेत 10 जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़ में नमी पहुंच रही है. इसके असर से प्रदेश के दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. शनिवार को भी कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई. जशपुर जिले के पत्थलगांव और कुनकुरी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई, जबकि बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई.

राजधानी रायपुर में तेज बारिश के आसार नहीं हैं. 18 अक्टूबर को यहां आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और दोपहर या शाम के समय बादल छाने का अनुमान है. रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री अधिक रहा. प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया.