छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के आठ जिलों में बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है. रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर इसमें शामिल हैं.

इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका भी जताई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है.

रायपुर में गर्मी और उमस से राहत नहीं

राजधानी रायपुर में बारिश थमने के बाद तापमान बढ़ा हुआ है. दिन के साथ रात में भी गर्मी और उमस बनी हुई है. मंगलवार को रायपुर में आकाश साफ रहने का अनुमान है. यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और किसी भी स्थान पर बारिश दर्ज नहीं की गई. रायपुर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि राजनांदगांव 35 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा. पेंड्रारोड में 33.8, बिलासपुर में 33.6, दुर्ग में 33.5, जगदलपुर में 33.3 और अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.

अगले दिनों में बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़, विदर्भ और मराठवाड़ा से होकर एक द्रोणिका बनी हुई है. इसके प्रभाव से कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है. अगले दो-तीन दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है. दो दिन बाद हल्की बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका बनी रह सकती है.