छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के बचे हुए प्रभाव के चलते गुरुवार को आठ जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, इन जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है.
अलर्ट वाले जिलों में धमतरी, गरियाबंद, बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा शामिल हैं. दक्षिणी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
दक्षिणी हिस्सों में बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई. पखांजूर में सबसे ज्यादा 80 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. सुकमा में 7 सेंटीमीटर और कोंटा में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई.
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र 4 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे सक्रिय था. इसके उत्तर दिशा में बढ़ने और अगले 12 घंटे में कमजोर होने का अनुमान था. इसी सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं.
रायपुर में बादल, तापमान में गिरावट का अनुमान
रायपुर में गुरुवार को बादल छाए रहने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे बाद प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे रात और सुबह ठंड बढ़ेगी.
