छत्तीसगढ़ में 31 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में सामान्यतः बादल छाए रह सकते हैं और एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने के संकेत भी हैं.

कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर और सुकमा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. राज्य में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

पिछले 24 घंटे में कई जगह बारिश

पिछले 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कुछ अन्य जगहों पर भारी बारिश हुई. जगदलपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

सबसे अधिक बारिश कुसमी में 28 सेंटीमीटर दर्ज की गई. चांदो और सामरी में 14-14 सेंटीमीटर, कुनकुरी में 12 सेंटीमीटर, जबकि तमनार और रामानुजगंज में 9-9 सेंटीमीटर बारिश हुई. रायगढ़, कांसाबेल, सन्ना और बगभा समेत कुछ स्थानों पर 8 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई.

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. रायपुर के माना एयरपोर्ट पर अधिकतम तापमान 28.6 और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बिलासपुर में यह क्रमशः 29.6 और 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा.