छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव में कथित फर्जी वोटिंग और OTP के इस्तेमाल को लेकर विवाद बढ़ गया है. सामने आए कुछ ऑडियो और वीडियो में लोगों से OTP मांगने, सदस्यता शुल्क या वोटिंग भुगतान की बात करने और वोटिंग से जुड़ी जानकारी पूछने का दावा किया गया है. हालांकि, इन रिकॉर्डिंग की सत्यता और बातचीत में शामिल लोगों की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
एक वीडियो में फोन करने वाला व्यक्ति खुद को देवेंद्र यादव ग्रुप से जुड़ा बताता है. बातचीत में वह अपना नाम अवध राज बताता है और भिलाई से फोन करने की बात सामने आती है. जब सामने वाला व्यक्ति कहता है कि उसने सत्येंद्र चेलक के लिए काम किया है, तो बातचीत जल्द खत्म हो जाती है.
एक अन्य रिकॉर्डिंग में फोन करने वाला खुद को इंडियन यूथ कांग्रेस से बताता है. वह वोटिंग का भुगतान कराने की बात कहकर सामने वाले से पूछता है कि वह किसके यहां से बात कर रहा है. जवाब में व्यक्ति खुद को आकाश के कार्यालय से आजाद वर्मा बताता है. इसके बाद OTP बताने पर कितने वोट हुए, यह जानकारी देने की बात कही जाती है. रिकॉर्डिंग में सामने वाले के फोन पर OTP आने का उल्लेख है, लेकिन वह इसे साझा करने से इनकार करता है.
एक अन्य ऑडियो में फोन करने वाला कथित तौर पर शैलेंद्र बंजारे के कार्यालय से बोलने की बात करता है. सामने वाला व्यक्ति कहता है कि उसने उनके पक्ष में वोट नहीं किया, फिर भी OTP के लिए बार-बार फोन क्यों किया जा रहा है. बातचीत में उससे यह भी पूछा जाता है कि उसने किसके लिए वोटिंग की. रिकॉर्डिंग में फर्जी वोट से वोट बढ़ाने का आरोप भी सुनाई देता है.
सदस्यों के डेटा की गोपनीयता पर सवाल
इन दावों के बाद सवाल उठ रहा है कि अलग-अलग लोगों के पास युवा कांग्रेस सदस्यों के मोबाइल नंबर और उनकी वोटिंग से जुड़ी जानकारी कैसे पहुंची. आईटी विशेषज्ञ मोहित साहू के अनुसार, ऐसी जानकारी बाहर आने के पीछे सिस्टम के अंदर से पहुंच या तकनीकी सेंध—दोनों संभावनाएं हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि डेटा किस स्तर से बाहर गया, इसकी जांच जरूरी है.
मामला केवल OTP साझा किए जाने तक सीमित नहीं है. यदि रिकॉर्डिंग में किए गए दावे जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह भी स्पष्ट करना होगा कि किसी सदस्य ने किसे वोट दिया, इसकी जानकारी किसके पास थी और वह अन्य लोगों तक कैसे पहुंची. चुनाव व्यवस्था में डेटा सुरक्षा और OTP आधारित मतदान की निगरानी की जांच अब अहम हो गई है.
