बस्तर क्षेत्र के बेनूर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, छेरीबेड़ा में 9 सितंबर को विद्यार्थियों ने मॉडल यूथ ग्राम सभा का आयोजन किया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को ग्राम सभा की कार्यप्रणाली और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों को व्यावहारिक रूप से समझाना था.

पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत NESTS मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ग्राम सभा की कार्रवाई का मंचन किया. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की जनसमस्याओं, विकास कार्यों और जनभागीदारी से जुड़े मुद्दों पर सवाल-जवाब और चर्चा प्रस्तुत की.

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत भाटपाल के सरपंच भुरवा राम सलाम और सचिव सांतुराम शोरी मौजूद रहे. विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनमोहन त्यागी ने अतिथियों का स्वागत किया और स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों व उपलब्धियों की जानकारी दी.

कार्यक्रम प्रभारी और सामाजिक विज्ञान शिक्षक अनूप कुमार मौर्य ने विद्यार्थियों को मॉडल यूथ ग्राम सभा के उद्देश्य, ग्राम सभा की भूमिका, जनभागीदारी, नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में बताया.

विद्यार्थियों की प्रस्तुति के बाद अतिथियों ने उनकी सराहना की और इसे व्यावहारिक लोकतांत्रिक शिक्षा का प्रभावी माध्यम बताया. मंच संचालन अंग्रेजी शिक्षकों अंजनी मिश्रा और अंजलि मोघा ने किया. समापन पर वरिष्ठ अध्यापिका गीता यादव ने आभार जताया. राष्ट्रगान के बाद कार्यक्रम समाप्त हुआ.