खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आयोजित अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब छुईखदान पुलिस टीम ने जीत लिया. रोमांचक फाइनल मुकाबले में छुईखदान ने जालबांधा की टीम को हराया. जालबांधा प्रतियोगिता की उपविजेता रही.
यह प्रतियोगिता सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला पुलिस केसीजी की ओर से आयोजित की गई थी. इसमें जिले के सभी आठ थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया. मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने मैदान पर अपना दमखम दिखाया और प्रतियोगिता में कड़ा मुकाबला देखने को मिला.
फाइनल में जीत के बाद छुईखदान की टीम को विजेता ट्रॉफी दी गई, जबकि जालबांधा को उपविजेता का खिताब मिला. प्रतियोगिता में शामिल अन्य टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
खेल के साथ जागरूकता अभियान
समापन समारोह में राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा मौजूद रहे. अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और पुलिसकर्मियों से खेल भावना, एकता, अनुशासन तथा आपसी समन्वय को मजबूत करने की अपील की.
जिला पुलिस के मुताबिक, प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में खेल भावना, टीमवर्क और आपसी तालमेल को बढ़ावा देना था. आयोजन के दौरान साइबर अपराध और नशे के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया गया. लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक न करने, किसी के साथ OTP साझा न करने और संदिग्ध कॉल या संदेशों से सावधान रहने की अपील की गई.
पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी से भी सतर्क रहने को कहा. साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई.
