रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में शनिवार को तीजा-पोरा तिहार के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आतिथ्य में हुए कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली. बड़ी संख्या में महिलाओं ने आयोजन में भाग लिया.

तीजा पर्व महिलाओं के लिए मायके, परिवार और रिश्तों से जुड़ी भावनाओं का प्रतीक माना जाता है. वहीं, पोरा तिहार खेती-किसानी और पशुधन के प्रति आस्था व सम्मान से जुड़ा पर्व है. इस अवसर पर मिट्टी से बने नंदी-बैल और पारंपरिक खिलौनों की पूजा की जाती है.

मुख्यमंत्री निवास में हुए कार्यक्रम के दौरान लोकगीत, पारंपरिक नृत्य, झूले और छत्तीसगढ़ी पकवान आकर्षण का केंद्र रहे. आयोजन में मंत्री गजेंद्र यादव, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और रायपुर की महापौर मीनल चौबे भी शामिल हुईं. पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह और उनकी बहू समेत कई महिलाओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया.

तीजा-पोरा तिहार के मौके पर गांवों से लेकर शहरों तक उत्सव का माहौल रहा. आयोजन के जरिए पर्व से जुड़ी पारंपरिक मान्यताओं, कृषि संस्कृति और पारिवारिक संबंधों को सार्वजनिक रूप से अभिव्यक्ति मिली.