छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में चिल्फी बॉर्डर के पास पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से 447 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक, गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार रुपये है. मामले में पंजाब के अमृतसर निवासी बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है.
यह कार्रवाई 31 अगस्त को एनएच-30 पर चिल्फी थाना के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान हुई. पुलिस के अनुसार, बोडला की ओर से आ रहे कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई. वाहन में सवार व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पूछताछ के बाद पुलिस ने कंटेनर की बारीकी से जांच की.
ड्राइवर सीट के ऊपर बना था गुप्त चेंबर
तलाशी के दौरान कंटेनर में ड्राइवर सीट के ठीक ऊपर विशेष रूप से बनाया गया एक गुप्त चेंबर मिला. पुलिस के मुताबिक, इसी जगह खाकी रंग के टेप में लिपटे गांजे के पैकेट छिपाए गए थे. वजन करने पर बरामद सामग्री का कुल वजन 447.445 किलोग्राम निकला.
पुलिस ने गांजे के अलावा करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 5 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी जब्त किया है. जब्त पूरे सामान की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये बताई गई है.
सप्लायर और खरीदारों की जानकारी जुटा रही पुलिस
कबीरधाम पुलिस और एएनटीएफ की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था. पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर सप्लायर, खरीदार और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है. कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को राजनांदगांव रेंज के आईजी अजय यादव ने 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है.
