एसईसीएल के चिरमिरी क्षेत्र में कोयला कर्मचारियों की श्रम संगठनों से जुड़ी सदस्यता और सदस्यता शुल्क कटौती की सहमति के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई है. इस दौरान अलग-अलग श्रम संगठनों के पदाधिकारी कर्मचारियों से अपने संगठन के पक्ष में सहमति दर्ज कराने की अपील कर रहे हैं.
हिंद मजदूर सभा ने एनसीपीएच सामुदायिक भवन में सदस्यता सत्यापन को लेकर बैठक की. इसमें क्षेत्रीय अध्यक्ष समीर देवनाथ, कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र नाथ शर्मा और वेलफेयर समिति सदस्य जगबंधु खुटिया सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए.
सिंगल मेंबरशिप को ही मान्यता
बैठक में एसईसीएल बिलासपुर की जारी गाइडलाइन साझा की गई. इसमें बताया गया कि इस बार सत्यापन के दौरान केवल सिंगल मेंबरशिप को मान्यता दी जाएगी. यदि किसी कर्मचारी का नाम एक से अधिक यूनियनों की सूची में दर्ज है और वह सदस्यता भरने के लिए सदस्यता समिति के सामने उपस्थित नहीं होता, तो किसी भी यूनियन के पक्ष में उसके वेतन से सदस्यता शुल्क की कटौती नहीं होगी.
यदि कर्मचारी ने केवल एक यूनियन में सदस्यता फॉर्म जमा किया है, तो सदस्यता राशि उसी संगठन के पक्ष में काटी जाएगी. पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से प्रक्रिया को गंभीरता से लेने और अपनी सदस्यता स्पष्ट रूप से दर्ज कराने को कहा.
बैठक में बताया गया कि कोयला मजदूर सभा के माध्यम से भी कर्मचारियों को जागरूक किया जा रहा है. जिन कर्मचारियों के नाम एक से अधिक संगठनों की सूची में हैं, उनसे दोहरी सदस्यता नहीं रखने की अपील की गई.
समीर देवनाथ ने कहा कि सदस्यता सत्यापन से संगठनों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होती है. पदाधिकारी और कार्यकर्ता सत्यापन के दौरान कर्मचारियों के बीच पहुंचकर प्रक्रिया की जानकारी देंगे. बैठक में तय प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म जमा कराने और अभियान को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया.
