चिरमिरी में गणेश चतुर्थी को लेकर तैयारियां तेज हैं. इस बार प्लास्टर ऑफ पेरिस की जगह मिट्टी की प्रतिमाओं की मांग बढ़ने की बात सामने आई है. लोग मिट्टी से सृजन और मिट्टी में विसर्जन की परंपरा को आस्था के साथ पर्यावरण के लिए भी बेहतर मान रहे हैं.

11 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत सोमवार से होगी और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर विसर्जन के साथ इसका समापन होगा. शहर में 350 से अधिक घरों और पूजा पंडालों में प्रतिमा स्थापना की तैयारी है. क्षेत्र में करीब 30 स्थानों पर मूर्तिकार प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं. लगातार बारिश के कारण प्रतिमाएं बनाने और सुखाने में परेशानी आई, लेकिन चौक-चौराहों पर मूर्तियों की दुकानें सज गई हैं.

मूर्तिकार मिट्टी की अलग-अलग प्रतिमाएं बना रहे हैं. इनमें पत्तियों के स्वरूप वाली गणेश प्रतिमाएं भी शामिल हैं. कई जगहों पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है. चिरमिरी में 35 वर्षों से प्रतिमाएं बना रहे कोलकाता के मूर्तिकार शोभन दादा ने बताया कि इस वर्ष भी उन्हें बड़ी संख्या में ऑर्डर मिले हैं. कई समितियों ने 5 से 10 फीट ऊंची प्रतिमाओं के ऑर्डर दिए हैं, जिनकी कीमत 12 से 18 हजार रुपये तक बताई गई है.

गुजरीपारा में विकास कुमार परिवार के साथ मिट्टी की प्रतिमाएं बनाते हैं. इस काम में उनकी पत्नी और बच्चे भी मदद करते हैं.

पूजा का मुहूर्त

राम मंदिर, छोटा बाजार के पुजारी राम सलोनी शुक्ला के अनुसार चतुर्थी तिथि सोमवार सुबह 7:15 बजे शुरू होगी. प्रतिमा स्थापना और पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11:03 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक बताया गया है. राहुकाल सुबह 9:39 से 11:11 बजे तक रहेगा, इस दौरान पूजा से बचने की सलाह दी गई है.