छत्तीसगढ़ में CM हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायतों को पर्याप्त जानकारी के बिना बंद करने के मामले में लोक निर्माण विभाग (PWD) के 13 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. विभाग ने सभी अधिकारियों से नोटिस मिलने के 15 दिन के भीतर सचिव को लिखित जवाब देने को कहा है.
विभाग ने अगस्त और सितंबर में पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की थी. समीक्षा में सामने आया कि कई शिकायतें एल-1, एल-2 और एल-3 स्तर पर बंद कर दी गईं, लेकिन उनमें समस्या के समाधान के लिए की गई कार्रवाई का स्पष्ट विवरण नहीं था. कुछ मामलों में शिकायतकर्ता को दी गई जानकारी और आगे की कार्रवाई भी दर्ज नहीं की गई.
एल-1 स्तर पर राष्ट्रीय राजमार्ग उप संभाग बिलासपुर के अतुल राज पेगवार, बेमेतरा के राजेश कुमार बाजपेयी, पेंड्रा के जगदीश प्रसाद, सेतु उप संभाग दुर्ग के अशोक कुमार हरियाले और पाटन की सोनल ढालेन्द्र को नोटिस दिया गया है.
एल-2 स्तर पर बेमेतरा के केशव प्रसाद लहरे, कोरबा के घासीराम जांगड़े, राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग बिलासपुर के रोशन कुमार साहू, सारंगढ़ के प्यारे लाल पैकरा और कांकेर की प्रज्ञा नंद से जवाब मांगा गया है.
एल-3 स्तर पर रायपुर मंडल क्रमांक-2 के डीके नेताम, दुर्ग मंडल की अर्पणा चौरपगार और राष्ट्रीय राजमार्ग मंडल बिलासपुर के महादेव लहरे को नोटिस जारी हुआ है.
विभाग ने निर्देश दिया है कि शिकायत बंद करते समय मौके पर की गई जांच, उठाए गए कदम, कार्रवाई की तारीख या समय-सीमा और शिकायतकर्ता को दी गई सूचना दर्ज करना जरूरी होगा. दूसरे विभाग से जुड़े मामलों में इसका कारण भी बताना होगा. 15 दिन में जवाब नहीं मिलने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
