छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार, 24 नवंबर को दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:20 बजे भिलाई के जयंती स्टेडियम हेलीपेड पहुंचेंगे. इसके बाद रिसाली में विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रमों में शामिल होंगे.

मुख्यमंत्री दोपहर 12:50 बजे भिलाई के सेक्टर-6 स्थित साइबर थाने का लोकार्पण करेंगे. इसके बाद सेक्टर-6 के गुरुद्वारा श्री सिंह सभा और भिलाई सेक्टर-2 में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है. दोपहर 2:25 बजे वे खुर्सीपार के आईटीआई मैदान और शाम 3:35 बजे भिलाई-3 स्थित मंगल भवन में आयोजित भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. शाम 4:55 बजे उनके रायपुर लौटने का कार्यक्रम है. रात 9:35 बजे वे खालसा स्कूल परिसर में नगर कीर्तन, शोभायात्रा और गुरु पर्व कार्यक्रम में शामिल होंगे.

गुरु नानक देव जयंती पर सार्वजनिक अवकाश

गुरु नानक देव जयंती यानी प्रकाश पर्व के अवसर पर छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है. इस दौरान प्रदेश के स्कूल, सरकारी कार्यालय और बैंक बंद रहेंगे.

रायपुर में आज के अन्य कार्यक्रम

रायपुर के महादेवघाट में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खारून नदी तट पर स्नान के लिए श्रद्धालु पहुंचे. यहां कार्तिक पुन्नी मेले का आयोजन भी हो रहा है. मेले में पूजा सामग्री, पारंपरिक खाद्य पदार्थ, खिलौने और हस्तनिर्मित वस्तुओं की दुकानें लगी हैं. इससे स्थानीय व्यापारियों और छोटे विक्रेताओं को कारोबार का अवसर मिलता है.

दोपहर 2 बजे राजातालाब स्थित वाईएमसीए कम्युनिटी सेंटर में जन संघर्ष मोर्चा छत्तीसगढ़ का कन्वेंशन होगा. कार्यक्रम में मतदान अधिकार, छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य कानून 2026 और समान नागरिक संहिता के विरोध से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है.