छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 23 नवंबर को कोंडागांव और रायपुर जिले के दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे जशपुर से दोपहर 12 बजे रायपुर पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 1:20 बजे कोंडागांव जिले के धनोरा के लिए रवाना होंगे.

धनोरा में मुख्यमंत्री राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती कलार समाज महोत्सव में शामिल होंगे. वे दोपहर 3:35 बजे रायपुर लौटेंगे. शाम 4:45 बजे पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में भाग लेंगे. शाम 6 बजे उनके मुख्यमंत्री निवास लौटने का कार्यक्रम है.

रायपुर में भाजपा और कांग्रेस के कार्यक्रम

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी पदभार संभालने के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे हैं. सोमवार को वे रायपुर में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे. इसके अलावा साइंस कॉलेज में खिलाड़ियों से संवाद और रावतपुरा विश्वविद्यालय के युवा जोहार कार्यक्रम में भाग लेने का कार्यक्रम है.

उप मुख्यमंत्री अरुण साव दोपहर 12 बजे भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में पत्रकार वार्ता करेंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बेमेतरा जिले के नगर पंचायत मारो में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे. बैठक में नगरीय निकाय चुनाव से जुड़े विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है.

महादेव घाट पर पुन्नी मेले की तैयारी

रायपुर के महादेव घाट में खारुन नदी तट पर कार्तिक पूर्णिमा के तीन दिवसीय पुन्नी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. मेला स्थल पर दुकानें सजने लगी हैं. श्रद्धालुओं के पवित्र स्नान के लिए गंगरेल बांध से पानी छोड़ा गया है और पेयजल व्यवस्था के लिए पांच टैंकर उपलब्ध रहेंगे. स्थानीय मान्यता के अनुसार यहां करीब 200 वर्षों से पुन्नी मेला आयोजित होता आ रहा है.