छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय SING Forum 2026 में हिस्सा लेने के लिए सिंगापुर पहुंच गए हैं. सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने उनका स्वागत किया.

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING Forum 2026 में भागीदारी के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है. सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिलेगा.

CEO राउंडटेबल में निवेश पर चर्चा

मुख्यमंत्री साय फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे. इस बातचीत में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं और कारोबारी अवसरों को सामने रखा जाएगा.

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, बुनियादी ढांचे, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की क्षमता के जरिये छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने पर जोर दे रही है. उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर राज्य की मजबूत पहचान बनाना सरकार की प्राथमिकता है.