छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि कुख्यात नक्सली कमांडर माड़वी हिड़मा को आदर्श मानने वाले और नक्सलवाद का समर्थन करने वाले लोग ‘दिमागी नक्सली’ हैं. मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी एक निजी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान की.

साय ने कहा कि हिंसा और नक्सलवाद को वैचारिक समर्थन देने वाली मानसिकता को समाज को स्पष्ट रूप से अस्वीकार करना चाहिए. उनके मुताबिक, बंदूक के बल पर निर्दोष लोगों की जान लेने वाला व्यक्ति किसी समाज का आदर्श नहीं हो सकता.

मुख्यमंत्री ने नक्सली हिंसा के महिमामंडन पर जताई आपत्ति

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ लोग ऐसे नक्सलियों को नायक के रूप में पेश करते हैं, जिन पर नागरिकों और सुरक्षाबलों की हत्या में शामिल होने के आरोप रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह का महिमामंडन बस्तर में लंबे समय तक रहे भय, अभाव और पिछड़ेपन को नजरअंदाज करता है.

साय ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करने और अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन हिंसा का समर्थन करना या हिंसक गतिविधियों में शामिल लोगों को आदर्श बताना स्वीकार्य नहीं होना चाहिए.

बस्तर में शांति और विकास का दावा

मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ नक्सलवाद के लंबे दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने इस बदलाव का श्रेय सुरक्षाबलों, केंद्र और राज्य सरकार की रणनीति तथा बस्तर के लोगों के सहयोग को दिया.

साय ने कहा कि बस्तर में सड़क, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है तथा युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की नई पीढ़ी के आदर्श वे लोग होने चाहिए जो शिक्षा, सेवा, परिश्रम, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के जरिए समाज को आगे बढ़ाते हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद और हिंसा के लिए नए छत्तीसगढ़ में कोई स्थान नहीं है. उन्होंने बस्तर में शांति को स्थायी बनाते हुए क्षेत्र को विकास, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार की नई पहचान देने को सरकार की प्राथमिकता बताया.