रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां के सम्मान और भारतीय संस्कृति में उनके सर्वोच्च स्थान को रेखांकित करते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो और कविता की पंक्तियां साझा की हैं. उन्होंने अपने संदेश में मां को ममता, करुणा और जीवन का आधार बताया.

मुख्यमंत्री ने लिखा, “मां है ममता, मां है करुणा, मां जीवन का आधार है, मां के चरणों में समर्पित पूरा ये संसार है. मां का करे अपमान वो कुपुत्र ही कहलायेगा, मां का करे तिरस्कार वो कहीं ठौर न पायेगा.”

साय ने अपने संदेश में किसी राजनीतिक व्यक्ति का नाम नहीं लिया. यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है, जब इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की एक कॉमेडी प्रस्तुति को लेकर राजनीतिक विवाद चल रहा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी के दौरान स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बोलने की शैली और हाव-भाव की मिमिक्री की थी. प्रस्तुति के एक हिस्से में प्रधानमंत्री मोदी की ओर से सार्वजनिक कार्यक्रम में एक बुजुर्ग महिला के लिए कुर्सी उपलब्ध कराने को कहने से जुड़े प्रसंग का भी उल्लेख किया गया.

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रस्तुति में हास्य के नाम पर मां और मातृशक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचाई गई. कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी मंच पर मौजूद थे और प्रस्तुति पर उनकी प्रतिक्रिया को लेकर भी राजनीतिक बहस हुई.

कविता के जरिए सांस्कृतिक संदेश

मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय कवि ओम व्यास की मां पर केंद्रित काव्य रचना का वीडियो भी साझा किया. उनके संदेश में मां के त्याग, वात्सल्य और संस्कारों को सामाजिक मर्यादा से जोड़ा गया है.

साय के पोस्ट का केंद्रीय भाव यह है कि राजनीतिक या वैचारिक मतभेदों के बावजूद मां के प्रति सम्मान की मर्यादा बनी रहनी चाहिए.