छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर स्थित Mandai Wildlife Reserve का दौरा कर वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक आवास प्रबंधन और पर्यटक सुविधाओं की व्यवस्थाओं का अध्ययन किया. उन्होंने कहा कि सिंगापुर के अनुभवों से सीख लेकर छत्तीसगढ़ की स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप संरक्षण आधारित इको-टूरिज्म मॉडल विकसित किया जा सकता है.

साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मंडाई वाइल्डलाइफ रिजर्व का भ्रमण किया. वह भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन पर सिंगापुर में आयोजित प्रथम Singapore-India Network for Growth (SING) Forum 2026 में शामिल होने पहुंचे हैं.

संरक्षण और स्थानीय रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री के अनुसार सिंगापुर की व्यवस्थाओं को छत्तीसगढ़ में हूबहू लागू करने के बजाय वहां के सफल अनुभवों का स्थानीय जरूरतों के अनुसार उपयोग किया जाएगा. प्रस्तावित मॉडल में जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय समुदायों, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आय के अवसर तैयार करने पर जोर रहेगा.

मंडाई रिजर्व में साय ने प्राकृतिक परिवेश में वन्यजीव संरक्षण, पर्यटकों के अनुभव, प्रबंधन व्यवस्था और जागरूकता गतिविधियों का अवलोकन किया. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास का मॉडल राज्य की भौगोलिक और जैव-विविधता संबंधी विशेषताओं के अनुरूप होना चाहिए.

छत्तीसगढ़ की करीब 44 प्रतिशत भूमि वन क्षेत्र के रूप में बताई गई है. बस्तर से सरगुजा तक फैले जंगल, राष्ट्रीय उद्यान और अभयारण्य राज्य को इको-टूरिज्म के लिए आधार देते हैं. बस्तर, कांगेर घाटी, अचानकमार, इंद्रावती और उदंती-सीतानदी जैसे क्षेत्रों में संरक्षण, स्थानीय भागीदारी और आधुनिक पर्यटक सुविधाओं के बेहतर समन्वय से राज्य की पर्यटन संभावनाएं बढ़ाने की योजना पर विचार किया जा रहा है.