छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कथित कोयला लेवी घोटाले में गिरफ्तार कांग्रेस नेता और नागरिक आपूर्ति निगम के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी है. न्यायमूर्ति नरेंद्र कुमार व्यास की एकल पीठ ने केस डायरी और पेश किए गए साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद यह आदेश दिया.

अदालत ने प्रथम दृष्टया आर्थिक अपराध में आरोपी की सीधी संलिप्तता नजर आने और मामले की गंभीरता का हवाला दिया. हालांकि, आदेश में की गई टिप्पणियों को मुख्य मुकदमे के अंतिम गुण-दोष पर प्रभाव डालने वाला नहीं बताया गया है.

जांच एजेंसी के मामले के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन परमिट की ऑनलाइन व्यवस्था को मैनुअल सिस्टम में बदला गया था. आरोप है कि इसके जरिए कोयला व्यापारियों से प्रति टन 25 रुपये की अवैध लेवी वसूली गई. रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर समेत प्रमुख कोयला क्षेत्रों में जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच करीब 540 करोड़ रुपये की वसूली का आरोप है.

जांच में यह भी आरोप लगाया गया कि अग्रवाल के प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते एक सहयोगी के माध्यम से 104.20 करोड़ रुपये पार्टी के लिए प्राप्त किए गए. उनके और परिजनों के नाम पर खरीदी गई कुछ अचल संपत्तियों के आय स्रोतों पर भी जांच एजेंसी ने सवाल उठाए हैं.

बचाव पक्ष ने कहा कि हिरासत में पूछताछ की अब जरूरत नहीं है, आरोपी ने जांच में सहयोग किया है और सुनवाई में देरी हो रही है. सह-आरोपियों को मिली जमानत के आधार पर समानता की दलील भी दी गई.

राज्य की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत का विरोध किया. हाईकोर्ट ने कहा कि सह-आरोपियों को करीब डेढ़ से दो वर्ष जेल में रहने के बाद जमानत मिली, जबकि अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद लगभग तीन महीने ही हुए हैं. इसलिए समानता के आधार पर राहत का दावा स्वीकार नहीं किया जा सकता.