अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) का सचिव नियुक्त होने के बाद पूर्णचंद ‘कोको’ पाढ़ी पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे. रायपुर एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं, युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और समर्थकों ने उनका स्वागत किया. एयरपोर्ट से शहर की ओर जाते समय रास्ते में भी अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया.
कोको पाढ़ी को AICC सचिव की जिम्मेदारी के साथ ओडिशा का सहप्रभारी भी बनाया गया है. पार्टी की चयन प्रक्रिया और साक्षात्कार के बाद उनकी नियुक्ति की गई. उनके पहले छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया. स्वागत के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा कांग्रेस के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
युवा कांग्रेस से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
पूर्णचंद पाढ़ी ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत युवा कांग्रेस से की. उन्होंने ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में काम किया. इसके बाद वे भानुप्रतापपुर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष और कांकेर लोकसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित हुए. संगठन में सक्रिय भूमिका के बाद उन्हें भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया.
वर्ष 2018 में उन्होंने छत्तीसगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली. वर्ष 2022 में वे भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और संगठन प्रभारी बनाए गए. इस भूमिका में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन से जुड़ी गतिविधियों की जिम्मेदारी निभाई.
स्वागत में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद
रायपुर एयरपोर्ट पर हुए स्वागत में PCC संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी, पूर्व जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान, सुकमा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश लखमा, अशरफ हुसैन, अजीत कुकरेजा, प्रशांत बोकाडे, आशीष अवस्थी, सत्येंद्र चेलक और जीशान कुरैशी सहित कई नेता और समर्थक मौजूद रहे.
