छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) ने पुराने विद्यार्थियों के लिए एन-4 यानी ‘एन माइनस फोर’ नियम समाप्त कर दिया है. विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद की बैठक में लिए गए इस फैसले से इंजीनियरिंग, फार्मेसी और अन्य तकनीकी पाठ्यक्रमों में एआईसीटीई के पुराने पाठ्यक्रम के तहत पढ़ रहे छात्रों को राहत मिलेगी. अब बैकलॉग के कारण उनका ईयर बैक या डिटेन नहीं किया जाएगा.
कुलपति डॉ. अरुण अरोरा के अनुसार, यह बदलाव पुराने विद्यार्थियों के लिए किया गया है, ताकि वे बैकलॉग के कारण अपनी पढ़ाई में एक साल पीछे न हों. विश्वविद्यालय प्रशासन ने फैसले के पीछे नियामक व्यवस्था में संभावित बदलाव और पुराने नियमों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के बीच मौजूद जटिलताओं का हवाला दिया है.
नए विद्यार्थियों पर लागू नहीं होगा बदलाव
विश्वविद्यालय के मुताबिक, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत प्रवेश लेने वाले नए विद्यार्थियों के लिए मौजूदा व्यवस्था में बदलाव नहीं किया गया है. एन-4 नियम समाप्त करने का निर्णय उन छात्रों से संबंधित है, जो पुराने एआईसीटीई पाठ्यक्रम के तहत अध्ययन कर रहे हैं.
एन-4 नियम में क्या प्रावधान था
एन-4 व्यवस्था के तहत पांचवें सेमेस्टर में जाने के लिए पहले सेमेस्टर के सभी विषयों में पास होना जरूरी था. एक भी विषय में बैक होने पर छात्र को डिटेन कर दिया जाता था और वह एक साल पीछे हो जाता था. छठवें सेमेस्टर में प्रवेश के लिए भी दूसरे सेमेस्टर के सभी विषय पास करना अनिवार्य था. ऐसे छात्रों को बाद के बैच के साथ पढ़ाई करनी पड़ती थी.
विश्वविद्यालय में यह नियम वर्ष 2005 से 2011 तक लागू रहा. वर्ष 2011 में इसमें बदलाव कर पहले सेमेस्टर में कम से कम तीन विषयों में पास होने की शर्त रखी गई थी. वर्ष 2015 में शैक्षणिक स्तर और इंजीनियरिंग शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के उद्देश्य से एन-4 व्यवस्था फिर लागू की गई थी. अब डिटेन विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इसे समाप्त करने का निर्णय लिया गया है.
