बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में बीड़ी मांगने की बात को लेकर हुए विवाद में एक युवक से मारपीट और उसकी जेब से 10 हजार रुपये छीनने का मामला सामने आया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार युवकों को गिरफ्तार किया है.

घटना टेबलर सेड इलाके की बताई गई है. शिकायतकर्ता दिनेश कौशिक के मुताबिक, बीड़ी मांगने को लेकर विवाद के बाद चारों युवकों ने उसके साथ मारपीट की. दिनेश ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी जेब में रखे 10 हजार रुपये भी छीन लिए गए.

घटना के बाद दिनेश कौशिक ने दल्लीराजहरा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युसुफ पठान (30), गंगाराम निषाद उर्फ राम (22), आकाश मंडावी उर्फ गोदू (25) और अभिषेक मंडावी उर्फ खारी (22) के रूप में हुई है. सभी आरोपी दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 04, टेबलर सेड के निवासी बताए गए हैं.

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है. मामले में मारपीट और नकदी छीनने के आरोपों की जांच जारी है.